राज्यसभा चुनावः 10 राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को वोटिंग, देवेगौड़ा-खरगे हो रहे रिटायर

चुनाव आयोग ने आज शुक्रवार को 10 राज्यों की खाली हो रही 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है. ये चुनाव 18 जून को कराए जाएंगे. अगले महीने जिन सांसदों की सीट खाली हो रही है, उसमें पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ-साथ दिग्विजय सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

अपने एक बयान में, चुनाव आयोग ने कहा कि 10 राज्यों में राज्यसभा की सीटें खाली हो रही हैं, जहां मौजूदा सांसद 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर रिटायर होंगे. सबसे अधिक 4-4 सीटें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में खाली हो रही हैं. इसके बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान का नंबर आता है जहां 3-3 सीटों पर राज्यसभा चुनाव कराए जाने हैं.

8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे

इसके अलावा झारखंड में 2 सीटों पर तो और अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव कराए जाएंगे. चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई तारीखों के आधार पर नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून है.

राज्यसभा से रिटायर होने वालों में पूर्व पीएम देवेगौड़ा और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे प्रमुख हैं और ये दोनों ही नेता कर्नाटक से आते हैं. दोनों नेताओं की सीट इस बार खाली हो रही है. इनके अलावा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह (राजस्थान) और जॉर्ज कुरियन (मध्य प्रदेश), पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता शक्तिसिंहजी गोविल और अन्य नाम शामिल हैं.

सुनेत्रा पवार ने दिया था इस्तीफा

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु से राज्यसभा की एक-एक सीट के लिए उपचुनाव कराने कभी घोषणा की. महाराष्ट्र में, राज्यसभा की सीट उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद खाली हुई है. सुनेत्रा ने जनवरी में पति और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के एक विमान हादसे में मौत के बाद वह प्रदेश की सियासत में आ गईं. उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया और प्रदेश की उपमुख्यमंत्री बन गईं. बाद में वह बारामती सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच गईं.

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए 1 जून को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 8 जून होगी. नामांकन पत्रों की जांच अगले दिन की जाएगी और उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून होगी. वोट 18 जून को डाले जाएंगे.

Image Gallery