बांग्लादेश में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से 15 की मौत; ईद की छुट्टी मनाने जा रहे थे मजदूर
ढाका: बांग्लादेश में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के मध्य बांग्लादेश के एक प्रमुख राजमार्ग पर लोहे की छड़ों और अतिरिक्त यात्रियों से लदा एक ट्रक पलट गया, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। स्थानीय पुलिस प्रमुख फुआद हुसैन ने बताया कि यह दुर्घटना ढाका से 83 किलोमीटर (52 मील) उत्तर-पश्चिम में स्थित तंगेल जिले के सोराटोइल इलाके में सुबह करीब 5 बजे हुई, जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
हुसैन ने बताया कि ट्रक में लिफ्ट मांगकर यात्री सवार थे और यह ढाका से उत्तरी क्षेत्र की ओर जा रहा था, क्योंकि गुरुवार को ईद अल-अदहा के त्योहार से पहले छुट्टियां मनाने वाले लोग यात्रा पर निकल चुके थे। उन्होंने बताया कि ट्रक पलट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि अधिकांश यात्री दिहाड़ी मजदूर थे और त्योहार के लिए अपने परिवारों से मिलने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने टीवी चैनलों को बताया कि शोर सुनकर वे घटनास्थल पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को बचाने लगे।
यातायात नियमों की ढीली निगरानी, खराब सड़क स्थितियों और अकुशल वाहन चालकों के कारण 17 करोड़ से अधिक आबादी वाले इस देश में सड़क दुर्घटनाओं में हर साल हजारों लोगों की मौत हो जाती है।
Live
