CBSE ने आंसर शीट गड़बड़ी के मामले में मानी अपनी गलती, अब 12वीं के नतीजे सुधारेगा

सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने 12वीं कक्षा के फ़िज़िक्स और केमिस्ट्री, इन दो विषय की आंसर शीट गलत मिलने की छात्रों की शिकायतों पर कार्रवाई की है। CBSE ने छात्रों द्वारा उठाई गई 12वीं कक्षा की आंसर शीट के मूल्यांकन में गलतियों की बात स्वीकार की और उन्हें सही आंसर शीट भेज दी। CBSE ने परेशान छात्रों को एक ईमेल के जरिए जवाब देते हुए बताया कि 12वीं कक्षा के छात्रों के नतीजे भी नए अंकों के आधार पर अपडेट किए जाएंगे।

वेदांत ने X पर कही एक बात

आपको बता दें कि वेदांत नाम के एक छात्र जिसने अपनी 12वीं कक्षा की फ़िज़िक्स की आंसर शीट में गलतियों का मुद्दा उठाया था उसने 'X' (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए बताया कि, 'हमें CBSE से हमारी सही आंसर शीट मिल गई है। CBSE के अधिकारियों ने शाम को हमसे संपर्क किया और मेरी आंसर शीट भेज दी। हमारे दावे सही निकले और सच में आंसर शीट बदल गई थी।'

एक और छात्रा ने किया पोस्ट

इसी मामले में एक अन्य छात्रा, जिसने अपनी 12वीं कक्षा की केमिस्ट्री की आंसर शीट में गड़बड़ी की शिकायत की थी, उसने 'X' पर पोस्ट किया कि, 'CBSE ने हमारे ईमेल का जवाब दिया और पुष्टि की कि केमिस्ट्री की आंसर शीट के संबंध में हमारी चिंता सही थी। उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने इस मुद्दे पर ध्यान दिलाने में मदद की। आपके समर्थन का हमारे लिए बहुत महत्व है। अब हम CBSE की ओर से अगले कदमों का इंतज़ार कर रहे हैं।'

केरल CM ने शिक्षा मंत्री को भेजा मेल

CBSE 12वीं कक्षा के नतीजों और 2025–26 के लिए री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को लेकर मिली ढेरों शिकायतों के संबंध में केरल के मुख्यमंत्री VD सतीशन ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को एक ईमेल भेजा। CM ने X पर पोस्ट करते हुए पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों की शिकायतों के समय पर समाधान को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया।

CBSE 12वीं री-इवैल्यूएशन की तारीख 2026

CBSE 12वीं के रिजल्ट के सत्यापन और री-इवैल्यूएशन के लिए विंडो 26 मई को खोली जाएगी। आपको बता दें कि छात्र 29 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट "cbse.gov.in" पर अंकों के सत्यापन और वास्तविक री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।