लखनऊ: चारबाग रेलवे स्टेशन पर हादसा, टिन शेड गिरने से 3 लोग घायल
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक हादसा हो गया। दरअसल, चारबाग रेलवे स्टशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर एक टिन शेड गिर गया। जानकारी के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर 5 पर मरम्मत का काम किया जा रहा है। इसी दौरान मजदूर की लापरवाही की वजह से बड़ा हादसा हुआ है। यहां चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर टिन शेड गिरने के पीछे मजदूर की लापरवाही को वजह बताया जा रहा है। हादसे के बाद से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में तीन लोग घायल
बता दें कि यहां रेलवे स्टेशन पर हर दिन हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर इस तरह का हादसा होने के बाद लापरवाही बरतने को लेकर सवाल उठाने लगे हैं। इस हादसे में 3 लोगों के घायल होने की सूचना भी मिली है। जानकारी के मुताबिक लोको पायलट और बैटरी रिक्शा चालक को चोट लगी है। लोको पायलट के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर 4 से 5 के टीन शेड में सपोर्ट जाता है। उसी सपोर्ट के कार्य करने के दौरान लापरवाही की वजह से टिन शेड गिर गया।
Live
