मां को गाली पर भावुक हुए PM: मोदी बोले- ये सभी मां-बहनों का अपमान
बिहार के दरभंगा में 27 अगस्त को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान PM मोदी की मां को गाली दी गई थी। इसके 7वें दिन मंगलवार को PM मोदी ने सामने आकर गाली देने का जवाब दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- बिहार में कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं, ये देश की मां-बहन, बेटी का अपमान है।
PM ये कहते हुए भावुक हो गए। उन्हें इमोशनल देख बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल की आंखों में भी आंसू आ गए। मोदी की बात सुनकर बिहार राज्य जीविका निधि शाखा सहकारी संघ लिमिटेड के कार्यक्रम में आईं महिलाएं भी रोने लगीं।
PM मोदी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े थे। कार्यक्रम में PM ने इस संस्था के बैंक खाते में 105 करोड़ रुपए की राशि भी ट्रांसफर की।
PM के भाषण की 5 बड़ी बातें...
- मुझे आज इस बात की पीड़ा है। मां ने मुझे देश सेवा के लिए रवाना किया था। हर मां चाहती है कि बेटा बड़ा हो। मेरे लिए कुछ करे। मेरी मां ने ऐसा नहीं सोचा। उन्होंने मुझे आपके लिए भेजा।
- मां का स्थान देवी-देवताओं से ऊपर माना जाता है। बिहार के ही संस्कार हैं। माई के स्थान देवता से भी ऊपर होवेला। काही के आपन बाल बच्चा खातिर ऊ कोनो देवी नियर पोल पास के बड़ा करेली...माई के बिना कोनो जिंदगी ना बनप सकेला।'
- ये गालियां करोड़ों माताओं-बहनों को दी गईं। ये शाही खानदानों में पैदा हुए युवराज इस पीड़ा को नहीं समझ सकते हैं। ये नामदार लोग सोने-चांदी के चम्मच लेकर पैदा हुए हैं।
- गंदी नाली का कीड़ा, जहर वाला सांप, बिहार चुनाव में मुझे तू, तड़ाक कर के गाली देकर बोलते हैं। इनकी नामदार वाली सोच बार-बार उजागर होती है। इसी सोच से अब मेरी मां जिसका शरीर नहीं रहा। जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं। अपने मंच से गालियां दिलवा रहे हैं।
- आज से 20 दिन बाद नवरात्रि शुरू होगी, इसके बाद छठ मइया की पूजा होगी। छठ का पर्व मनाया जाएगा। भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है। मैं बिहार के लोगों से भी कहूंगा, इस अपमान की भरपाई बिहार के हर बेटे की जिम्मेदारी है। RJD और कांग्रेस के नेता जहां भी जाएं, जिस गली में भी जाएं। उन्हें चारों तरफ आवाज आनी चाहिए।
4 सितंबर को NDA का बिहार बंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने के मामले में 4 सितंबर को NDA ने बिहार बंद बुलाया है। ये जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दी। बंद के दौरान सड़कें और दुकानें बंद रहेंगी।
हालांकि, रेलवे और इमरजेंसी सेवा पर चालू रहेगी। महिला मोर्चा इसकी कमान संभालेगी। NDA के सभी घटक दलों ने बिहार बंद का समर्थन किया है