बेंगलुरु में डबल मर्डर... शादी के विवाद में बॉयफ्रेंड ने की प्रेमिका की हत्या, दूसरे मामले में कमरे में मिली महिला की लाश

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार रात कुछ ही घंटों के अंदर हत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहली घटना में जहां एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी, वहीं दूसरी घटना में एक महिला की लाश बरामद हुई है। पुलिस दोनों ही मामलों की गहनता से जांच कर रही है।

शादी को लेकर हुई बहस में हत्या

महालक्ष्मी लेआउट में शादी को लेकर हुई बहस के बाद 23 साल की अंजलि की कथित तौर पर उसके बॉयफ्रेंड राजीव ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों तीन साल से ज़्यादा समय से रिलेशनशिप में थे, लेकिन आरोपी के आपराधिक बैकग्राउंड की वजह से लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। घटना के कुछ ही मिनटों के अंदर पुलिस ने राजीव को गिरफ्तार कर लिया।

किराए के कमरे में मिली महिला की लाश

एक अन्य मामले में, उत्तर भारत की रहने वाली 40 साल की महिला कृष्णा बर्मन की लाश बोम्मनहल्ली पुलिस इलाके के होंगासंद्रा में मुनियाप्पा लेआउट स्थित उसके किराए के कमरे में मिली। पुलिस को शक है कि किसी परिचित ने ही गला घोंटकर उसकी हत्या की है। दोनों मामलों की जांच चल रही है।

कार में हुए विस्फोट में व्यक्ति की झुलसकर मौत

एक अन्य खबर में, कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक जलती हुई कार के अंदर एक व्यक्ति की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है और मृतक की पहचान नागेंद्र (30) के रूप में हुई है। अधिकारियों को संदेह है कि सीरा तालुका के कल्लंबेला के पास कार में आग लगाने के लिए देसी बम का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। पुलिस ने बताया कि घटना से पहले नागेंद्र ने कार के अंदर एक महिला के सिर पर चाकू से हमला किया था, जो किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रही। अधिकारियों के अनुसार, महिला को बचाने के लिए कार चालक भी वाहन से बाहर कूद गया और उसी दौरान कार के अंदर विस्फोट हुआ, जिसके बाद वाहन देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया।