IT सेक्टर में बूम से शेयर बाजार में हरियाली, सेंसेक्स 289 तो निफ्टी 89 अंकों की बढ़त के साथ खुले; Infosys और HCL Tech के शेयर 3%-3% चढ़े
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को अच्छी शुरुआत की। कारोबार शुरू होते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में खुल गए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 289 अंक और निफ्टी 89 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। बाजार की इस तेजी की सबसे बड़ी वजह आईटी सेक्टर में जोरदार खरीदारी रही। खासतौर पर इन्फोसिस, HCL टेक, TCS और टेक महिंद्रा के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
बाजार खुलने के साथ ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 289.66 अंक की तेजी के साथ 77,212.30 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और वह 89.20 अंक की बढ़त दर्ज करते हुए 24,095.05 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। शुरुआती सत्र में मजबूत बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों की संख्या ज्यादा रही, जिससे बाजार का सेंटिमेंट पूरी तरह से सकारात्मक बना हुआ है।
IT शेयरों ने संभाली बाजार की कमान
आज के कारोबार में आईटी कंपनियों के शेयर सबसे ज्यादा चमके। इन्फोसिस के शेयर करीब 3.4%, HCL टेक करीब 3% और टीसीएस करीब 2.2% तक चढ़ गए। इसके अलावा टेक महिंद्रा और विप्रो के शेयर में भी 1%-1% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। आईटी शेयरों में आई इस खरीदारी ने निफ्टी और सेंसेक्स दोनों को मजबूत सहारा दिया।
इन शेयरों में भी दिखी अच्छी तेजी
आईटी के अलावा कई बड़े शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। एटरनल, अडानी पोर्ट्स, इंडिगो, HDFC बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, SBI, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और ITC जैसे दिग्गज शेयर हरे निशान में कारोबार करते नजर आए। इससे बाजार का व्यापक माहौल पॉजिटिव बना रहा।
इन शेयरों पर रहा दबाव
हालांकि सभी सेक्टरों में तेजी नहीं रही। NTPC, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, ONGC, मारुति सुजुकी, लार्सन एंड टुब्रो (L&T), एक्सिस बैंक, ICICI बैंक और ट्रेंट जैसे कुछ बड़े शेयरों में हल्की बिकवाली देखने को मिली। इसके बावजूद इनकी गिरावट बाजार की कुल तेजी को ज्यादा प्रभावित नहीं कर सकी।
IT सेक्टर में क्यों आई तेजी?
लगातार चार कारोबारी सत्रों तक गिरावट झेलने के बाद गुरुवार को आईटी सेक्टर में जोरदार वापसी देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स 3% से ज्यादा चढ़ गया, क्योंकि निवेशकों ने पहले से सस्ते हो चुके आईटी शेयरों में फिर से खरीदारी शुरू कर दी। हालांकि वैश्विक टेक बाजार से मिले संकेत मिले-जुले रहे, लेकिन भारतीय निवेशकों का भरोसा बड़े आईटी शेयरों पर बना रहा। इसी वजह से इन्फोसिस, HCLTech और TCS जैसे दिग्गज शेयरों में अच्छी तेजी आई।
