चांदी की कीमतों में ₹5000 की जोरदार तेजी, सोना भी हुआ महंगा- जानें कहां तक पहुंचेंगे भाव
सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। सोने की कीमत में लगभग 1,900 की बढ़ोतरी हुई और ये 1,47,650 पर पहुंच गया। जबकि, चांदी के भाव में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। एलकेपी सिक्यॉरिटीज में कमोडिटी और करेंसी के वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एनालिस्ट जतीन त्रिवेदी ने बताया कि सोने की कीमत में लगभग 1,900 की बढ़ोतरी हुई और ये 1,47,650 पर पहुंच गया। ये लगातार चौथे सेशन में इसकी रिकवरी है और इसने 10 दिनों का उच्चतम स्तर छुआ है। 13 मई को इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद एक महीने से ज्यादा समय तक लगातार बिकवाली हुई थी, जिसके बाद अब बाजार का मूड सुधरा है और इसे कमजोर अमेरिकी डॉलर का भी सहारा मिला है।
डॉलर इंडेक्स में गिरावट से नई खरीदारी को मिला बढ़ावा
जतीन ने कहा कि डॉलर इंडेक्स में हालिया गिरावट से बुलियन (सोने-चांदी) में नई खरीदारी को बढ़ावा मिला है, जबकि करेंसी में उतार-चढ़ाव से घरेलू कीमतों को भी फायदा हुआ है। बाजार के लोग अब अमेरिकी ब्याज दरों के आउटलुक और डॉलर की चाल के बारे में और जानकारी के लिए अगले हफ्ते होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्योरे पर बारीकी से नजर रखेंगे। तकनीकी रूप से, सोने के 1,45,000 रुपये से 1,49,000 रुपये के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है और ग्लोबल संकेत बाजार के मूड को तय करते रहेंगे।
दिल्ली के सर्राफा बाजार में 1.5 लाख रुपये के पार पहुंचा सोना
उधर, दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें एक बार फिर 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई हैं। शुक्रवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 3300 रुपये (2.2 प्रतिशत) की जोरदार तेजी के साथ 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। गुरुवार को सोने का भाव तेजी के साथ 1,47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमतों में 5000 रुपये की तेजी
सोने के अलावा, चांदी की कीमतों में भी बंपर तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 5000 रुपये या 2.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। चांदी की कीमतों में लगातार चौथे दिन तेजी दर्ज की गई। गुरुवार को चांदी का भाव 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। बताते चलें कि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार बंद रहते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी महंगा हुआ सोना और चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना की कीमत 57.58 डॉलर या 1.4 प्रतिशत बढ़कर 4,181.50 डॉलर प्रति औंस हो गई और चांदी की कीमत 2.44 प्रतिशत बढ़कर 62.45 डॉलर प्रति औंस हो गई।
