'भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबरा, लेकिन कुछ लोग फैला रहे थे अफवाह', जोधपुर में बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (शनिवार को) राजस्थान के जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही राजस्थान को कई नए प्रोजेक्ट्स की सौगात दी। पीएम मोदी ने कहा कि नए टर्मिनल से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ, इससे पूरे राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक मौकों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत ने कैसे 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट के समय में खुद को संभाला और उससे बाहर निकलने में सफलता हासिल की।

मजबूत इच्छाशक्ति से भारत ऊर्जा संकट से उबरा

PM मोदी ने कहा, 'पश्चिम एशिया की जंग ने 21वीं शताब्दी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट को जन्म दिया। 21वीं सदी के नए भारत की इच्छाशक्ति और कोशिशों ने इस सबसे बड़े ऊर्जा संकट पर काबू पा लिया। भारत ने हर लेवल पर सही निर्णय लिए, वक्त रहते संकट का सही आकलन किया और एक असरदार स्ट्रैटेजी बनाई। भारत ने अपने संसाधनों का संतुलित प्रयोग किया, अपनी कूटनीतिक ताकत का सकारात्मक रूप से इस्तेमाल किया और तभी भारत इस संकट से उबर गया।'

मुश्किल हालातों में अफवाहें फैलाने वालों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री मोदी बोले कि यह सब तब हुआ जब कुछ ताकतें सार्वजनिक तौर पर अफवाहें और डर फैलाने में लगी थीं, तब जो काम हुआ, जिस प्रकार से हालात संभाले गए, जो कड़ी मेहनत, कोशिश, धैर्य और नीतिगत व कूटनीतिक लेवल पर उठाए गए, वह हर कदम संवेदनशील था। वे सब इतिहास में दर्ज हो गए। यह सब अभूतपूर्व था।