Loading...

यूपी मॉब लिंचिंग; राहुल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की:भाई ने कहा था- राजनीति करने न आएं, हम सरकार से संतुष्ट

मरने से पहले हरिओम ने राहुल का नाम लिया था 2 अक्टूबर को फतेहपुर के हरिओम पासवान की रायबरेली में चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। 4 अक्टूबर को एक और वीडियो सामने आया। जिसमें मार खाते हुए युवक राहुल गांधी का नाम लेता है। इस पर भीड़ में से एक शख्स कहता है- यहां सब ‘बाबा’ वाले हैं।

राहुल गांधी ने परिवार से फोन पर बात की थी। इसके अलावा, X पर लिखा था- यह निर्मम हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है।

राहुल गांधी ने कहा- कुछ दिन पहले हरियाणा में दलित IPS अफसर ने आत्महत्या की थी। मैं वहां गया और आज मैं यहां आया हूं। अपराध इस परिवार ने नहीं किया, बल्कि अपराध इनके खिलाफ किया गया। ऐसा लग रहा है कि यह लोग अपराधी हैं। इन्हें घर में बंद कर रखा है, इन्हें डराया जा रहा है।

ये लोग केवल न्याय मांग रहे हैं। हमारे बेटे, हमारे भाई को मारा गया है। उसकी हत्या की गई है। पूरे देश में दलितों के खिलाफ अत्याचार, हत्याएं, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं, इन्हें न्याय दीजिए, इनका सम्मान कीजिए।

जो अपराधी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई कीजिए और उनकी रक्षा करने का प्रयास मत कीजिए। (पीड़ित परिवार) मुझसे मिले या न मिले, यह जरूरी नहीं है, बल्कि जरूरी बात यह है कि ये लोग अपराधी नहीं हैं।

इन्होंने कोई गलती नहीं की है। अपराधी दूसरे लोग हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मैंने आज यहां आकर इनसे बातचीत की, इनका दर्द और दुख सुना। कांग्रेस पार्टी और मेरा प्रयास है कि हम जो मदद कर सकते हैं, हम करेंगे।

ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरदासपुर गांव में 2 अक्टूबर को एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिली थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के शरीर पर पिटाई के निशान थे। सिर पर गहरी चोट, छाती पर बेल्ट के निशान और पूरे शरीर पर नीले-काले दाग थे।

पुलिस ने बताया कि युवक का नाम हरिओम पुत्र गंगादीन (38) है। वह फतेहपुर जिले के तरावती का पुरवा गांव का रहने वाला है। वह 1 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर ईश्वरदासपुर की ओर जा रहा था। तभी 24-25 गांववालों ने उसे पकड़ लिया।

गांववाले उससे पूछताछ करने लगे। हरिओम ने बताया कि वह पास के ही गांव में रहता है, लेकिन गांववाले उसके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद उसे डंडे और बेल्ट से मारने-पीटने लगे। फिर उसे अधनंगा करके उसकी ही शर्ट से दोनों हाथ बांधे और उस पर डंडे-बेल्ट बरसाते रहे।

अधमरा करने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका अधमरा करने के बाद लोग उसे गांव के बाहर नहर किनारे ले गए। वहां एक खंभे में बांधकर पीटा। युवक बार-बार कहता रहा कि मैं चोर नहीं हूं, लेकिन गांववाले नहीं माने। पिटाई के बाद युवक को अधमरी हालत में रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया। जहां से 2 अक्टूबर की सुबह उसका शव मिला था।

हरिओम की पत्नी पिंकी के मुताबिक, पति मानसिक रूप से कमजोर था। रायबरेली में मुझसे मिलने आ रहा था। पिंकी, ऊंचाहार में NTPC परिसर में पंजाब नेशनल बैंक में सफाई कर्मचारी है। गेट नंबर-2 के सामने पिंकी का मायका है। इस समय वो मायके में रह रही थी।

Image Gallery