Loading...

सेंसेक्स 700 अंक गिरकर 82,500 पर कारोबार कर रहा:निफ्टी में करीब 200 अंक की गिरावट

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार, 11 जुलाई को सेंसेक्स 700 अंक गिरकर 82,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में करीब 200 अंक की गिरावट है, ये 25,170 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में गिरावट और 10 में तेजी है। महिंद्रा, TCS, BEL, एयरटेल और रिलायंस के शेयरों में 2.5% तक की गिरावट है। हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.5% ऊपर है।

निफ्टी के 50 शेयरों में से 30 में गिरावट और 20 में तेजी है। NSE का ऑटो, ऑयल एंड गैस, मीडिया और IT सेक्टर सबसे ज्यादा 1.5% तक गिरे हैं। वहीं, FMCG, फार्मा और हेल्थकेयर में तेजी है।

ग्लोबल मार्केट में तेजी

  • एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.19% नीचे 39,570 के स्तर पर और कोरिया का कोस्पी 0.23% गिरकर 3,176 पर बंद हुआ।
  • हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.46% चढ़कर 24,140 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.014% ऊपर 3,510 पर बंद हुआ।
  • 10 जुलाई को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.43% ऊपर 44,651 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.094%चढ़कर 20,631 पर और S&P 500 0.27% ऊपर 6,280 पर बंद हुए।

10 जुलाई को घरेलू निवेशकों ने ₹591 करोड़ के शेयर खरीदे

  • 10 जुलाई को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने कैश सेगमेंट में 221.06 करोड़ रुपए और घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 591.33 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की।
  • जुलाई महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने 5,179.96 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 8,844.35 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की है।
  • जून महीने में विदेशी निवेशकों की नेट खरीदारी 7,488.98 करोड़ रुपए रही। वहीं, घरेलू निवेशकों ने भी महीनेभर में ₹72,673.91 करोड़ की नेट खरीदारी की थी।

स्मार्टवर्क्स के IPO का आज दूसरा दिन है। सुबह 10 बजे तक यह 60% सब्सक्राइब हो चुका है। IPO की शुरुआत बेहतर रही। पहले दिन गुरुवार (10 जुलाई) को यह IPO 52.22% भर गया। कंपनी को एक करोड़ शेयरों की तुलना में 52.51 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिल चुकी हैं।

रिटेल निवेशकों ने अपने हिस्से का 57% तक खरीदा। वहीं बड़े निवेशकों में नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 1.04 गुना भर गया। कंपनी इस IPO से करीब 583 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसका इस्तेमाल कारोबार को बढ़ाने और कर्ज कम करने के लिए करेगी।

यह इश्यू 14 जुलाई को बंद हो जाएगा। यह देश की सबसे बड़ी ‘मैनेज्ड कैंपस ऑपरेटर’ कंपनी है। एक करोड़ वर्ग फीट स्पेस मैनेज करती हैं। गूगल, ग्रो, मेक माइ ट्रिप, L&T, ब्रिजस्टोन और फिलिप ग्लोबल जैसी 700 कंपनियां क्लाइंट है।


Image Gallery