Loading...

रात के सन्नाटे में 3 कारों ने फिल्मी स्टाइल में चलती कार पर किया जानलेवा हमला, 4 यात्री घायल, नकदी भी लूटी

रात के 1 बजे हुए कार पर हमला

पुलिस ने मामले की अधिक जानकारी देते हुए बताया कि नांदेड जिले के हिमायतनगर से बुलढाणा जिले के सुल्तानपुर गांव इलाज के लिए पीड़ित कार में सवार होकर जा रहे थे। तभी यात्रियों की चारपहिया गाड़ी पर वाशिम जिले के लोणी बुद्रुक गांव के पास रात करीब एक बजे 3 कारों से आए अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। 

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल

इस हमले में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज रिसोड के अस्पताल में किया जा रहा है। हमलावरों ने वाहन को रोककर यात्रियों पर हमला किया। उनके पास मौजूद कुछ नकदी भी लूट ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए श्वान दस्ते की मदद ली जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। हमला लूट के इरादे से किया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी जांच पुलिस कर रही है।